मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा है कि लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की हार को भांपते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पद छोड़ने की इच्छा पहले ही जाहिर कर दी है।
बादल ने रविवार को शहर के विभिन्न वार्डों में संगत दर्शन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री का सम्मान करते हैं लेकिन यह भी सही है कि उनके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार सभी मोर्चों पर बुरी तरह असफल सिद्ध हुई है।
अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने कोई भी ऐसा प्रधानमंत्री नही देखा जिसने अपने पद को चुनावों से पहले छोड़ने की इच्छा व्यक्त की हो। ऐसा करके उन्होंने कांग्रेस की हार पहले ही स्वीकार कर ली है।
बादल ने कहा कि कांग्रेस के पास लोगों के बीच जाने के लिए कोई भी मुद्दा नहीं है क्योंकि केंद्र सरकार की उपलब्धि जीरो है और अपनी हार को भांपते हुए कांग्रेस सरकार ने काम करना पहले ही बंद कर दिया है।
कांग्रेस पर प्रहार करते हुए बादल ने कहा कि एक काबिल व्यक्ति के सामने राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने के ख्वाब देख रहे हैं जबकि नेहरू गांधी परिवार के इस चिराग के पास कोई भी प्रशासकीय अनुभव नहीं है जिस कारण देश के वोटर उन्हें अस्वीकार कर देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनावों के नतीजे केंद्र सरकार के द्वारा पंजाब के साथ किए जा रहे भेदभाव को समाप्त करेंगे। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पंजाब में विकास का एक नया दौर शुरू होगा।