आनंद नगरी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर विजिलेंस विभाग की टीम ने नगर थाना 1 के एएसआई को रिश्वत मांगने के आरोप में रंगे हाथों काबू किया है। एएसआई के रिश्वत लेते पकड़े जाने पर अन्य पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय आनंद नगरी निवासी इंद्रजीत सिंह पुत्र तिलकराज का 13/10/2013 क्रिकेट को लेकर स्थानीय बस स्टेंड के पास अंकुर चुचरा से झगड़ा हुआ था।
इधर नगर थाना 1 के एएसआई बलजिंदर सिंह भट्टी ने इस मामले को निपटाने के लिए इंद्रजीत सिंह से 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी, जिस पर उसने 2 हजार रुपये एएसआई को दे दिए थे और बाकी के 3 हजार रुपये बुधवार को एएसआई को देने थे।
इंद्रजीत ने एएसआई द्वारा रिश्वत लेने की सूचना विजीलेंस विभाग मुक्तसर की टीम को दी। इस पर एक योजनाबद्ध तरीके से विभाग के डीएसपी जगदीश सिंह, एएसआई निर्भय सिंह, व मनजिंदर सिंह सब इंस्पेक्टर सतप्रेम, एसई अमनदीप सहित नगर थाना 1 में पहुंचे और जैसे ही इंद्रजीत ने एएसआई बलजिंदर सिंह को 500-500 के 6 नोट रिश्वत के रूप में एएसआई को दिए तो मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथों 500-500 के 6 नोटों सहित धर दबोचा।
इसके बाद जब एएसआई के हाथ धुलवाए गए तो नोटों पर लगे केमिकल के कारण एएसआई के हाथों का रंग लाल हो गया। विजिलेंस टीम उसे अपने साथ फिरोजपुर ले गई।