अमृतसर। ग्वाल मंडी स्थित खाद्य आपूर्ति कंट्रोलर दफ्तर कैंपस में सभी के सामने सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी (एएफएसओ) को थप्पड़ मारने वाली महिला के खिलाफ कैंटोनमेंट थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी महिला के खिलाफ जांच कर रही है। आरोप है कि महिला पिटाई करने से पहले किसी के साथ बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंची थी।
एएफएसओ मोहनजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार को जिला अधिकारी के साथ बैठक के बाद बाहर निकले थे कि तभी एक मास्क लगाए महिला बुलेट मोटरसाइकिल पर एक लड़के के साथ वहां पहुंची। सामने आते ही महिला ने उन्हें थप्पड़ मारे और सभी के सामने मारपीट की। इस दौरान वह कहती रही कि उन्होंने (एएफएसओ) ने उसका नीला कार्ड क्यों नहीं बनाया।
उन्होंने बताया कि वह महिला को नहीं जानते और पहली बार जिला खाद्य आपूर्ति कंट्रोलर के दफ्तर में उसे देखा। इसकी शिकायत और मारपीट वाली वीडियो थाना कैंटोनमेंट को दे दी है। वहीं दूसरी तरफ कैंटोनमेंट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि महिला के खिलाफ आईपीसी की धारा 353, 186, 506 और 120-बी के तहत केस दर्ज कर लिया है। महिला की पहचान के बाद उसे हिरासत में लिया जाएगा और शामिल अन्य लोगों को भी आईपीसी की धारा 120-बी के तहत गिरफ्तार किया जाएगा।