कहा, कानून सबसे ऊपर, एक समान किया जाए लागू, आरोपी किया जाए गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। ऑल इंडिया पिंगलवाड़ा चैरिटेबल सोसाइटी (अमृतसर) ने स्थानीय गोल्डन गेट के पास, महिला पहलवानों के पक्ष में शांतिपूर्ण ढंग से सांकेतिक धरना दिया। इस प्रदर्शन में शहर के अलग अलग स्वयंसेवी व जन संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने न्याय मांग रहे पहलवानों के पक्ष में पोस्ट, बैनर व तख्तियां उठाई हुई थी। पिंगलवाड़ा संस्थान की प्रधान डॉ. इंद्रजीत कौर ने कहा कि पिंगलवाड़ा संगठन ने जंतर मंतर के पास आंदोलन कर रहे खिलाड़ियों और पहलवानों के समर्थन में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से मांग की गई है कि पीड़ित खिलाड़ियों के साथ न्याय किया जाए। इस मामले में दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।
पिंगलवाड़ा मुखी ने कहा कि समाज में महिलाओं का सम्मान सर्वोपरी है, उन्होंने कहा कि गुरुओं पीरों की धरती में महिलाओं के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार बहुत बुरा है। इस विरोध में सभी पिंगलवाड़ा के अधीन चल रहे शिक्षण संस्थान के बच्चे भी हिस्सा ले रहे हैं। धरने में शामिल छात्रों और शिक्षकों ने महिला पहलवानों के पक्ष में नारे लगाकर अपना विरोध व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कानून सभी पर समान लागू होना चाहिए। प्रभावशाली और आम लोगों के लिए अलग-अलग कानूनों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। गौरतलब है कि महिला पहलवानों द्वारा शारीरिक शोषण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कई दिनों से दिल्ली के जंतर मंतर में धरना दिया जा रहा है। डा इंद्रजीत ने कहा कि यह विरोध महिला पहलवानों को न्याय दिलाने के लिए किया गया है। इस विरोध में सिटीजन फोरम विद्या मंदिर स्कूल के छात्र-छात्राएं व कर्मचारी भी शामिल हुए।
इस अवसर पर पिंगलवाड़ा संस्थान के उपाध्यक्ष डॉ. जगदीपक सिंह, सचिव मुख्तार सिंह गुराया, राजबीर सिंह, कर्नल दर्शन सिंह बावा, परमिंदर सिंह भट्टी, डॉ. निर्मल सिंह, डॉ. श्याम सुंदर दीप्ति, डॉ. जेएस संधू, नवजोत सिद्धू, बख्शीश सिंह सेवानिवृत्त डीएसपी, जय सिंह, नरेंद्रपाल सिंह, योगेश सूरी, तिलक राज,हरपाल सिंह,राजिंदरपाल सिंह, गुरनायब सिंह, प्रिंसिपल नरेश कालिया, दलजीत कौर, अनीता बत्रा, दिलबाग सिंह, सुनीता , गुलशन रंजन, सुरिंदर कौर भट्टी, हरमिंदर कौर आदि भी मौजूद थे।