संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। बाइक पर जा रहे युवकों को रास्ते में रोककर मारपीट करने और तेजधार हथियार के साथ वार करने व सोने की चेन लूटने के आरोप में थाना गेट हकीमा पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों के नाम कमल किशोर निवासी पठानकोट और गिलवाली गेट निवासी विक्रम सिंह है। फिलहाल आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। वहीं घायल हुए युवक का नाम राहुल राजपूत है और गिलवाली गेट का रहने वाला है।
पुलिस शिकायत में राहुल ने बताया कि गत शाम वह अपने दोस्त सुशील कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर इलाके से निकल रहे थे। रास्ते में उक्त बाइक सवार आरोपियों ने उन दोनों को घेर लिया और रोक कर मारपीट करने लगे। एक आरोपी ने दातर से हमला कर दिया। जब सुशील ने बचाव करना चाहा तो आरोपियों ने उसे भी जख्मी कर दिया। वारदात के दौरान आरोपी उसके गले में पहनी सोने की चेन लूट कर भाग गए।
मामले की जांच कर रहे एएसआई नरिंदर सिंह ने बताया कि वारदात की सूचना मिलने के बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे थे और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। वहीं मौके पर जांच शुरु की गई और आसपास के सीसीटीवी चेक किए तो आरोपियों के चेहरे दिखाई दिए। जिसके बाद आस-पास के इलाकों से इनकी पहचान करवाई गई और उसके बाद दोनों के खिलाफ केस दायर किया गया। फिलहाल आरोपी फरार है। लेकिन जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।