- दस युवक हिरासत में लिए, घर वालों को बुलाकर चेतावनी दे छोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। शहर की पॉश कालोनी रंजीत एवेन्यू में शनिवार दोपहर युवकों के दो गुट भिड़ गए। दोनों गुट के 20 से 25 युवकों ने एक-दूसरे हमला कर दिया। इस दौरान कुछ युवकों की पगड़ियां उतर गईं। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
रंजीत एवेन्यू थाना प्रभारी अमनजोत कौर पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस के पहुंचने की सूचना पाकर युवक इधर-उधर हो गए। पुलिस ने वीडियो से कुछ युवकों की पहचान करने कर 10 युवकों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी अमनजोत कौर ने बताया इसके लिए पुलिस को कई चक्कर काटने पड़े।
बताया जा रहा है कि यह झगड़ा किसी लड़की के लिए हुआ था। किसी युवक की आइलेट्स सेंटर पर आने वाली एक लड़की से दोस्ती थी। दूसरे युवक को यह अच्छा नहीं लगता था। दोनों में पहले बहस हुई और बाद में बात बढ़ गई। दोनों ने अपने-अपने साथियों को वहां बुला लिया। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। जब तक पुलिस वहां पहुंची आरोपी फरार हो चुके थे।
बता दें कि लारेंस रोड के बाद अब रंजीत एवेन्यू में गुंडागर्दी बढ़ गई है। बड़े घरों के लड़के अकसर अपनी गाड़ियों में सवार होकर यहां चक्कर लगाते रहते हैं। इसके चलते इलाके में रोज शाम को जाम के हालात बन जाते हैं। कई बार तो सड़क के बीचोबीच कारें खड़ी करने के चलते झगड़े हो चुके हैं।