पिस्तौल के बल पर नकाबपोश दो लुटेरेे एक बुलेट व स्पलेंडर बाइक छीनकर फरार हो गए। थाना पुराना शाला की पुलिस केस दर्ज कर लुटेरों की तलाश कर रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत में गुरपाल सिंह निवासी गांव कोट भल्ला ने बताया कि वह अपने दोस्त बलजिंदर सिंह निवासी गांव सिरकियां के साथ शनिवार को शाम साढ़े पांच बजे पिंडोरी महंता तालाब के पास खड़े थे। उसन अपनी बुलेट और दोस्त बलजिंदर ने अपनी बाइक साइड पर लगा रखी थी। इस दौरान नकाबपोश दो लुटेरे आए और उन्हें पिस्तौल दिखाकर दोनों से बाइक की चाबी मांगी। पहले तो उन्होंने देने से मना कर दिया। गोली मारने की धमकी देने पर चाबी लुटेरों को थमा दी। इसके बाद लुटेरे दोनों बाइक लेकर गुरदासपुर की तरफ चले गए। एएसआई गुरनाम सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लुटेरों का सुराग लगाया जा रहा है।