जिला तरनतारन में चौक अमृतसर बाईपास में मंगलवार सुबह स्कूल के छात्राें से भरे आटो को ट्रक ने साइड मार दी, जिससे बच्चे सड़क पर गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्चों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। ये सभी बच्चे सेंट फ्रांसिस स्कूल में पढ़ते है।
जानकारी देते हुए बच्चाें के पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि मंगलवार को बच्चों का पहला पेपर था, जब छात्राें का आटो अमृतसर बाई पास चौंक क्रास करने लगा, तो ट्रक ने आटो को साइड मार दी जिस वजह से सभी बच्चे और आटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे में सेंट फ्रांसिस स्कूल के छात्र पवनजीत कौर, हरमनबीर सिंह, पलकप्रीत, अजय और राहुल जख्मी हो गए। इनमें राहुल की हालत गंभीर है। स्कूल डायरेक्टर डेविस ने कहा कि स्कूलों में ओवर लोड होकर छात्राें को स्कूल लाने वाले आटो चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के लिए कई बार डीटीओ को आग्रह किया गया है। समाज सेवक नरेश चावला ने कहा कि छात्राें और अन्य लोगों के साथ ऐसी दुघर्टनाएं न हो, इसके लिए ट्रांसपोर्ट विभाग लापरवाही करने वाले आटो चालकों पर कड़ी कार्रवाई करें।