संवाद न्यूज एजेंसी
तरनतारन। जिले की खालड़ा पुलिस ने उधोके गांव के पास नाकेबंदी के दौरान तीन युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार थे। पुलिस ने गाड़ी से पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं।
डीएसपी भिखीविंड अतुल सोनी ने बताया कि एएसआई सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम उधोके ड्रेन पुल टी-पॉइंट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदेहास्पद फॉर्च्यूनर गाड़ी को रोका गया। तलाशी लेने पर गाड़ी से एक 30 बोर की पिस्तौल, एक मैगजीन और चार कारतूस मिले। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरमुख सिंह, लवप्रीत सिंह उर्फ मंगू और करणजोत सिंह के रूप में हुई है। ये सभी तरनतारन के कलसियां गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि वे ये अवैध हथियार कहां से लाए थे। साथ ही, इन हथियारों का इस्तेमाल किस मकसद के लिए किया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है।