आरोपियों से सवा दस किलो हेरोइन की बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। दो सौ किलो से ज्यादा हेरोइन की तस्करी कर उसे ठिकाने लगाने वाले तीन तस्करों को सीआईए स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से सवा दस किलो हेरोइन बरामद हुई। तीनाें के खिलाफ इस्लामाबाद थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इस गिरोह के अन्य शातिरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तरनतारन जिले के गांव कोटली वसाला सिंह निवासी संदीप सिंह, चीमा कलां गांव निवासी आकाशदीप सिंह और आकाश सिंह उर्फ मोटा के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संदीप अपने परिवार के साथ अपनी जमीन पर खेती करता है। आकाशदीप सिंह नाई की दुकान चलाता है। वहीं, आकाश सिंह उर्फ मोटा मजदूरी करता है। जांच में सामने आया है कि संदीप के पाकिस्तानी तस्करों के साथ संबंध हैं। वह साल 2018 से पाकिस्तान से हेरोइन मंगवा कर आगे सप्लाई कर रहा है। पाकिस्तानी तस्कर ड्रोन से भारतीय सीमा में हेरोइन गिराते और संदीप उसे रिसीव करता था। इसके बाद वह उसे ठिकाने लगा देता था। भुल्लर ने बताया कि जांच में पता चला है कि संदीप सिर पर बांधने वाले परने इत्यादि में आधा किलो तक हेरोइन छिपाने में माहिर है। कई बार उसने रास्ते में पड़ने वाले सूए व नाले इत्यादि में हेरोइन की बड़ी खेप छिपाई। मौका मिलते आरोपी उसे निकाल कर ठिकाने लगा देता था।
संदीप ने पूछताछ में कबूल किया है कि वह सात साल में सीमा पार से दो सौ किलो से ज्यादा हेरोइन दिल्ली, मुंबई और पंजाब के विभिन्न जिलों में भेज चुका है।