संवाद न्यूज एजेंसी
श्री खडूर साहिब। तरनतारन पुलिस ने विदेश बैठे गैंगस्टर सतबीर सिंह सत्ता नौशहरा के गिरोह से जुड़े तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक सप्लेंडर बाइक व तीन पिस्टल बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वह सत्ता नौशहरा के कहने पर रंगदारी के लिए लोगों को धमकाने व घरों पर गोलियां चलाने का काम करते थे। तीनों को अदालत में पेश करके दो दिन का रिमांड लिया गया है।
एसएसपी डाॅ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि सीआईए स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रभजीत सिंह व एएसआई कुलवंत सिंह विर्क के नेतृत्व में विशेष टीम ने नाकाबंदी करके सप्लेंडर बाइक पर सवार तीन लोगों को दबोचा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 30 बोर के दो पिस्टल, 32 बोर का एक पिस्टल, तीन मैगजीन व चार कारतूस बरामद हुए। आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह प्रीत, महिकप्रीत सिंह मल्होत्रा, अनमोल सिंह मोला के तौर पर हुई है।
एसएसपी ने बताया कि विदेश बैठे गैंगस्टर लखबीर सिंह लंडा के करीबी साथी सत्ता नौशहरा ने इलाके से रंगदारी वसूलने के लिए एक गिरोह बना रखा है। यह तीनों उसी गिरोह के शातिर हैं। इनके दो और साथियों की तलाश की जा रही है। हरप्रीत सिंह के खिलाफ थाना सरहाली में इरादत्न हत्या व असलहा एक्ट के तहत केस दर्ज है।