ड्रोन से आई खेप के साथ तीन गिरफ्तार, 10 विदेशी पिस्तौल बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर 10 विदेशी .30 बोर पिस्तौल और मैगजीन बरामद की हैं। आरोपियों के मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, हथियारों की खेप ड्रोन के जरिये रमदास सेक्टर में पहुंचाई गई थी और इसे आगे सप्लाई किया जाना था।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलजीत सिंह और गुरजंट सिंह, निवासी सिंघोकी, अमृतसर, तथा अरशदीप सिंह, निवासी निसोके, अमृतसर के रूप में हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर सीआई टीम ने वेरका बाईपास पर फतेहगढ़ शुकरचक अंडरब्रिज के पास उन्हें रोककर हथियार बरामद किए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे। वे पुलिस से बचने और खेप पहुंचाने के लिए एन्क्रिप्टेड संचार माध्यमों का इस्तेमाल करते थे। हथियारों को संगठित नेटवर्क के जरिये आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।