कार से नशे की डिलीवरी देने जा रहे थे आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। तस्करों के खिलाफ शुरू किए गए अभियान के तहत बुधवार को थाना एयरपोर्ट पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के नाम करणदीप सिंह निवासी गांव भकना कलां, जीवन सिंह और मनजिंदर सिंह निवासी तरनतारन हैं। इन आरोपियों से पुलिस ने एक किलो हेरोइन, एक किलो आइस (मेथामफेटामाइन) और एक इटीओस कार बरामद की है। यह तीनों आरोपी लंबे समय से सक्रिय थे और नशा तस्करी का धंधा कर रहे थे। तीनों आरोपी बुधवार को यह खेप किसी तस्कर को डिलीवर करने जा रहे थे।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, डीसीपी हरप्रीत सिंह मंडेर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी इटीओस कार से नशे की सप्लाई करने जा रहे हैं। इसी आधार पर पुलिस ने रास्ते में नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने कार भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने मौके रहते घेरा डालकर आरोपियों को पकड़ लिया। मौके पर ही कार की तलाशी के दौरान एक किलो हेरोइन और एक किलो आइस बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि करणदीप सिंह पांच साल तक दुबई और रशिया (मास्को) में रहकर गैंगस्टर गुरदेव जस्सल के संपर्क में आया था। जस्सल कनाडा में रहते हुए गैंगस्टर से आतंकी बने लखबीर सिंह हरिके और सतबीर सिंह सत्ता के संपर्क में आया था। लगभग चार महीने पहले ही आरोपी करणदीप सिंह दुबई से भारत लौटा था और अपने गांव भकना कलां में रहकर पाकिस्तानी तस्करों से संपंर्क में आ गया। इसके बाद पाकिस्तान से नशा मंगवाना शुरू किया। पाकिस्तान से नशा ड्रोन के जरिये मंगवाया जा रहा था और इसके बाद इसे आगे डिलीवर कर दिया जाता था। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि पता चल सके कि आरोपियों ने यह नशा किन लोगों को डिलीवर करना था।
फोटो-2, 3