संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। जिला पुलिस ने एक दुकान पर फायरिंग करने के मुख्यारोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे काबू कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। आरोपी की पहचान गांव अटारी निवासी रवि मसीह के रूप में हुई है।
आरोपी ने गुरदासपुर के गांव मीर कचाणा में जून, 2025 में एक दुकान पर फायरिंग की थी। आरोपी से एक बाइक और एक हथियार भी बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला था, लेकिन इससे पहले पुलिस ने उसे काबू कर लिया। फायरिंग मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी यदुवीर उर्फ योद्धा निवासी गांव छोटेपूर को गिरफ्तार कर चुकी है।
पत्रकारों से बातचीत में एसएसपी अदित्य ने बताया कि आरोपी रवि मसीह, निवासी गांव अटारी (थाना क्षेत्र घुमण कलां) एक दुकान पर हुई फायरिंग का मुख्यारोपी है। इस मामले में उसके खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज है। उसका एक साथी पहले ही काबू किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इनपुट मिला थी कि आरोपी एक और वारदात को अंजाम देने वाला है। इस पर पुलिस ने नाकेबंदी की। आरोपी ने पुलिस को देख भागने की कोशिश की और जवानों पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया।