-
-परिवार ने भारत सरकार से मदद की लगाई गुहार
-
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कस्बा अटारी के सीमावर्ती गांव माहवा के किसान नेता काबल सिंह का बेटा हरमनदीप सिंह इटली में लापता हो गया है। हरमदीप छह साल पहले सुनहरे भविष्य की उम्मीद में इटली गया था। वह 22 जुलाई से लापता है। परिवार का कहना है कि वह डेयरी में काम करने वाली जगह से साइकिल पर अपने चाचा से मिलने निकला था लेकिन वह अपने चाचा से नहीं मिला और उसके बाद से उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया।
हरमनदीप के लापता होने की खबर मिलने के बाद परिवार शोक में डूबा हुआ है। पिता काबल सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे को बेहतर भविष्य की चाहत में बड़ी उम्मीदों के साथ विदेश भेजा था। वह पिछले छह सालों से वहां एक डेयरी में कड़ी मेहनत कर रहा था। परिवार ने इटली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है और भारत तथा पंजाब सरकार से इतालवी दूतावास के माध्यम से अपने बेटे की तलाश करने की अपील की है।
इस मामले में अमृतसर से लोकसभा सदस्य गुरजीत सिंह औजला ने भी पीड़ित परिवार से बात की है और उन्हें आश्वासन दिया है कि यह मामला भारतीय विदेश मंत्रालय के ध्यान में लाया जाएगा और इटली सरकार के साथ मिलकर हरमनदीप की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। काबल सिंह ने सरकारों से उनके बेटे की तलाश के लिए तुरंत कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पल हम पर भारी पड़ रहा है हमें बस अपने बेटे की सलामती की खबर चाहिए।