पर्यटन स्थल सुखना झील पर 27 और 28 मार्च को एयर शो का रोमांच देखने को मिलेगा। सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के सिविल एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को डीसी निशांत कुमार यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में भारतीय वायु सेना, पुलिस विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवाएं और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लेते हुए आयोजन की तैयारियों का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। शो देखने के लिए 100 रुपये एंट्री फीस रखी गई है। एंट्री पास चंडीगढ़ टूरिज्म एप पर उपलब्ध होंगे।
डीसी ने एयर शो को चंडीगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शहर की पहचान को मजबूत करेगा ही साथ ही बड़ी संख्या में पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा। भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए सुखना झील के आसपास निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। शहर में सात निर्धारित पिकअप और ड्रॉप पॉइंट बनाए जाएंगे। अंतिम पिकअप का समय सुबह 9 बजे तय किया गया है।
डीसी ने विशेष रूप से सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। बैठक के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं, चिकित्सा सुविधाएं और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी विभागों को तय समय सीमा में अपनी कार्य योजनाएं तैयार करने और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
100 रुपये होगी एंट्री फीस, चंडीगढ़ टूरिज्म एप पर मिलेगा पास
बैठक में वायु सेना के साथ एयर स्पेस प्रबंधन, तकनीकी तैयारियों और रिहर्सल को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। वहीं, पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि वे ट्रैफिक और पार्किंग की ऐसी व्यवस्था करें जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जानकारी दी कि एयर शो में प्रवेश पास के माध्यम से होगा। ये पास 24 मार्च से चंडीगढ़ टूरिज्म एप पर प्रति व्यक्ति 100 रुपये शुल्क के साथ उपलब्ध होंगे। प्रतिदिन आयोजन स्थल की क्षमता 10 हजार दर्शकों तक सीमित रखी गई है।