उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने आज अमृतसर में चल रहे विभिन्न विकास
प्रोजेक्टों को निर्धारित समय सीमा में मुकम्मल करने के निर्देश किए।
उन्होंने
कहा सरकार का हरीके जलगाह में पानी पर बसें चलाने का विशेष प्रोजेक्ट इसी
साल जून के पहले सप्ताह में शुरू हो जाएगा और श्री दरबार साहब में बनाए जा
रहा पहला विश्व स्तरीय व्याख्या केंद्र भी जुलाई के अंत तक समर्पित कर दिया
जाएगा। सुखबीर अमृतसर में चल रहे विभिन्न विकास प्रोजेक्टों की समीक्षा
करने आयोजित की गई विशेष बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
इस अवसर पर
उनके साथ स्थानीय निकाय मंत्री अनिल जोशी, राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह
मजीठिया, पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री सोहन सिंह ठंडल, मुख्य
संसदीय सचिव नवजोत कौर सिद्धू, मेयर बख्शी राम अरोड़ा और विभिन्न विभागों
के सीनियर अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक दौरान उप मुख्यमंत्री ने
अधिकारियों को समय सीमा में सभी प्रोजेक्ट पूरे करने के निर्देश दिए।
सुखबीर ने कहा कि जल थल पर चलने वाली बसों का संचालन मई के आखिर हो जाएग और
यह बसें हरीके वेटलैंड में चलेंगी। पहले चरण में यह बस अमृतसर और हरीके
बाया तरनतारन से चलेगी।
बैठक दौरान श्री दरबार साहब में बन रहे
विलक्षण व्याख्या केंद्र की वीडियो पेशकारी देखते हुए सुखबीर ने निर्देश
दिए कि इस काम को जुलाई अंत तक हर हालत में संपन्न किया जाये। उन्होंने कहा
कि यह विलक्षण व्याख्या केंद्र देश -विदेश के श्रद्धालुओं को समर्पित
होगा जो कि श्री दरबार साहब के दर्शनों के लिए आते हैं। बैठक में उप मुख्य
मंत्री को बताया गया कि इस व्याख्या केंद्र में डिजिटल एनसाईक्लोपीडिया से
सिख इतिहास बारे लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
बस रैपिड
ट्रांजिट व्यवस्था के काम का निरीक्षण करते हुए सुखबीर ने बताया कि इस
प्रोजेक्ट पर सरकार 500 करोड़ रुपये की राशि खर्च कर रही है। प्रोजेक्ट
पहली जून तक मुकम्मल हो जाएगा। सुखबीर ने बताया कि 9.5 एकड़ जगह में 9
करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे अर्बन हॉट बैसाखी तक लोगों को समर्पित
कर दिया जायेगा। उन्होंने अमृतसर के सुंदरीकरण के काम में और तेजी लाने के
निर्देश दिए।