गांव हरदोझंडे के पास शनिवार को एक ट्रक चालक ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि वह टीबी से पीड़ित होने के चलते मानसिक तौर पर परेशान था। रेलवे पुलिस ने 174 की कार्रवाई करते हुए शव को बटाला के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के लिए भेज दिया गया है।
रेलवे पुलिस के एएसआई प्रमोद कुमार ने बताया कि उन्हें शनिवार सुबह करीब पौने 6 बजे सूचना मिली कि गांव हरदोझंडे से गुजरती ट्रेन के नीचे आकर एक व्यक्ति ने अपनी जान दे दी है। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व घटना कि जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान मृतक की पहचान 30 वर्षीय अमरजीत सिंह निवासी गांव हरदोझंडे के रूप में हुई। एएसआई बताया कि जांच में सामने आया है कि मृतक ट्रक ड्राइवर का काम करता था और पिछले लंबे समय से टीबी रोग से ग्रस्त था। बीमारी के कारण मृतक का काम भी छूट गया था। इसकी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था।
इसी परेशानी में शनिवार की सुबह घर से निकल आया और गांव के बाहर से गुजरे रेलवे ट्रैक के पास टहलने लगा। इसी बीच अमृतसर-पठानकोट डीएमयू आई तो वह ट्रेन के सामने कूद गया। ट्रेन से कटकर उसकी मौके पर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बटाला के सिविल अस्पताल में भेज दिया है।