पचास से ज्यादा किस्मों से होगा अलौकिक शृंगार, चार देशों और छह राज्यों से पहुंच रहे फूल
350 से ज्यादा कारीगर-सेवादार चार दिन से जुटे, प्रकाश पर्व पर 3 से 4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व पर श्री हरिमंदिर साहिब को फूलों से सजाया जा रहा है। इस बार स्वर्ण मंदिर फूलों की खुशबू और रंगों से सराबोर नजर आएगा। सजावट के लिए करीब 100 टन फूल मंगाए गए हैं।
चार देशों और छह राज्यों से 50 से अधिक फूलों की प्रजातियां पहुंची हैं। थाईलैंड, नीदरलैंड, मलयेशिया और सिंगापुर से ऑर्किड, एंथूरियम, कार्नेशन और ट्यूलिप जैसी विदेशी किस्में मंगाई गई हैं। पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और तमिलनाडु से गेंदा, गुलाब, चमेली जैसे देसी फूल आए हैं। दर्शनी ड्योढ़ी, मुख्य भवन, परिक्रमा मार्ग और श्री अकाल तख्त साहिब के आसपास आकर्षक मेहराब और लड़ियां तैयार की जा रही हैं। सजावट में करीब 60 टन गेंदा और लगभग 15 टन गुलाब, चमेली व अन्य देसी फूल इस्तेमाल हो रहे हैं। विदेशी फूलों की करीब 15 टन खेप भी सजावट का हिस्सा बनेगी।
तैयारी और व्यवस्था
सजावट को अंतिम रूप देने में 350 से अधिक कारीगर और सेवादार जुटे हैं। यह काम करीब 96 घंटे से दिन-रात लगातार चल रहा है। प्रकाश पर्व के दिन तीन से चार लाख श्रद्धालु श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होने पहुंच सकते हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त सेवादारों और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जा रही है।
- फोटो - 8, 9, 10, 11, 12