फतेहगढ़ साहिब। पंजाबी फिल्म पिट स्यापा में फतेहगढ़ साहिब की मस्जिद भगत सदना कसाई में शूट किए गए सीन को लेकर उठे विवाद के बाद अभिनेत्री सोनम बाजवा, निर्माता बलजिंदर जंजूआ और पूरी फिल्म यूनिट ने मुस्लिम समुदाय से लिखित माफी मांगी। यह माफी शाही इमाम पंजाब मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी की मौजूदगी में पेश की गई।
समुदाय की आपत्ति के बाद फिल्म टीम ने सोमवार को नगर कौंसिल गोबिंदगढ़ के प्रधान हरप्रीत सिंह प्रिंस की मध्यस्थता से मुलाकात कर खेद प्रकट किया। टीम ने आश्वासन दिया कि मस्जिद में फिल्माया गया सीन फिल्म से हटाया जाएगा और आगे किसी भी धार्मिक स्थल पर शूटिंग के दौरान पूरी सावधानी बरती जाएगी ताकि धार्मिक भावनाओं को आहत न किया जाए। इस अवसर पर हरप्रीत सिंह प्रिंस ने दोनों पक्षों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि बातचीत से मामला शांतिपूर्वक सुलझ गया है, जिससे आपसी भाईचारा और अधिक मजबूत हुआ है।