अमृतसर। अमेरिका का सिख संगठन यूनाइटेड सिख मिशन सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में एक मेगावाट का सोलर प्लांट स्थापित करेगा। इस प्लांट के काम करने से एसजीपीसी को प्रति वर्ष बिजली के बिलों के भुगतान में एक करोड़ से अधिक की राशि की बचत का अनुमान है। इस प्लांट पर आठ करोड़ की राशि खर्च होगी। इस संदर्भ में एसजीपीसी की अध्यक्ष बीबी जागीर कौर व अमेरिका से पहुंचे यूनाइटेड सिख मिशन के मुखिया रछपाल सिंह के बीच सहमति बनी है।
मीडिया से बातचीत करते हुए बीबी जागीर कौर ने कहा कि सचखंड श्री हरमंदिर साहिब परिसर सहित कुछ अन्य ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिबान में सोलर ऊर्जा के प्लांट स्थापित करने के लिए अमेरिका में बसे सिखों को सेवा सौंपी गई है। इसके तहत अमेरिका के सिखों ने सचखंड में सोलर प्लांट की सेवा का संकल्प लिया है। उन्होंने यूनाइटेड सिख मिशन के सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि गुरुघरों की सेवा से ही जीवन सफल है। इस मौके पर बीबी जागीर कौर ने यूनाइटेड सिख मिशन के सदस्यों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
यूनाइटेड सिख मिशन के रछपाल सिंह ढींढसा ने कहा कि विदेशों में बसी संगत के सहयोग से संगठन ने गुरुघरों में एक मेगावाट के सोलर प्लांट स्थापित करने का फैसला किया गया है। पहला सोलर प्लांट सचखंड में स्थापित किया जाएगा। बाद में गुरुद्वारा शहीदां साहिब के साथ-साथ सभी तख्त साहिबान व अन्य गुरुद्वारा साहिबान में भी सोलर प्लांट स्थापित किये जाएंगे। सचखंड में स्थापित किये जाने वाले सोलर प्लांट का कार्य चार माह में पूरा कर लिया जाएगा।
सचखंड में सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए सात बड़ी कंपनियों के प्रस्ताव मिल चुके हैं, इनमें से एक को काम सौंपने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने श्री गुरु रामदास जी का शुकराना करते हुए कहा कि इस पवित्र कार्य की सेवा मिशन को सौंपी गई है। इस अवसर पर सोलर प्लांट की स्थापना के लिए काम करे रही टीम के सदस्य बलदेव सिंह कंग, बलोर सिंह (रिटायर निदेशक) एनपी सिंह (डीन पीटीयू), मस्ती रंजीत सिंह व अवतार सिंह भी मौजूद थे।
विकी सिंह ने बीबी जागीर कौर को किताबें भेंट कीं
इस अवसर पर सिख लेन्ज फाउंडेशन के मुखिया विकी सिंह ने एसजीपीसी की अध्यक्ष बीबी जागीर कौर से मुलाकात की। विकी सिंह ने बीबी जागीर कौर को पाकिस्तान व अफगानिस्तान स्थित एतिहासिक गुरुद्वारा साहिबान पर लिखी किताबें भेंट कीं। विकी सिंह ने पाकिस्तान में स्थित एतिहासिक गुरुद्वारा साहिबान के बारे में विस्तृत चर्चा भी की। इस अवसर पर एसजीपीसी के सीनियर उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह भिट्टेवड्ड, एसजीपीसी सदस्य भाई मंजीत सिंह, अमरीक सिंह विछोया, गुरमीत सिंह, कुलविंदर सिंह रमदास, मैनेजर गुरिंदर सिंह मथ्रेवाल, सुखबीर सिंह (ओएसडी) व मलकियत सिंह मौजूद थे।