संवाद न्यूज एजेंसी
बटाला। नशा तस्कर को गिरफ्तार करने गई बटाला पुलिस की टीम पर नशा तस्कर ने अपने बेटे के संग मिलकर अपने घर की छत पर चढ़कर पुलिस पर पत्थरबाजी करनी शुरू कर दी। आरोपियों द्वारा की गई पत्थरबाजी में दो पुलिस के जवान घायल हो गए हैं।
पुलिस करीब ढाई घंटे तक उक्त तस्कर और उसके बेटे को घर की छत से उतारने में लगी रही लेकिन तस्कर और उसका बेटा हथियार लिए पुलिस को ललकारते रहे। मंगलवार की देर शाम को आखिरकार पत्थरबाजी और रात के अंधेरे की वजह से पुलिस को खाली हाथी ही वापस जाना पड़ा। जब भी पुलिस छत पर चढ़ने की कोशिश करती तो आरोपी और उसका बेटा पुलिस पार्टी पर हमला करके उनको छत पर चढ़ने से रोक देते। घटना कादियां के गांव मुरादपुर की है। इस सारे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोपी की पहचान ईशविंदर सिंह उर्फ बाऊ के रूप में हुई है।
थाना कादियां के एसएचओ गुरमीत सिंह नागरा ने बताया कि बीते दिनों पुलिस ने कंडीला के रहने वाले मनप्रीत सिंह को पुलिस ने 5 ग्राम हेरोइन समेत काबू किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी मनप्रीत सिंह ने बताया कि वह यह हेरोइन गांव मुरादपुर के ईशविंदर सिंह उर्फ बाऊ से लेकर आया है। बाऊ पर पहले ही 10 मामले दर्ज हैं। जब मंगलवार दी देर शाम को वह बाऊ नामक तस्कर को गिरफ्तार करने पहुंचे तो वह अपने बेटे संग मिलकर अपने घर की छत पर चढ़ गया और पुलिस पार्टी पर पत्थरबाजी करने लगा। इस दौरान उनके दो कर्मचारी घायल हो गए हैं। एसएचओ ने बताया कि करीब ढाई घंटे तक पुलिस ने उक्त दोनों पिता-पुत्र को गिरफ्तार करने की कोशिश की लेकिन आरोपियों द्वारा की जा रही पत्थरबाजी और रात के अंधेरा होने की वजह से पुलिस पार्टी को वापस जाना पड़ा। एसएचओ ने बताया कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।