शहीद सरबजीत सिंह की बहन दलबीर कौर ने परिवार सहित दिल्ली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष डॉक्टर राजकुमार वेरका से मुलाकात की।
दलबीर कौर की ओर से शुक्रवार को हुई इस मुलाकात में मांग की गई कि सरबजीत के सामान को पाकिस्तान से भारत लाया जाए।
दलबीर कौर ने यह भी इच्छा जताई है कि वह भारत की जेलों में बंद पाकिस्तानी कैदियों को मिलना चाहती हैं ताकि सरबजीत जैसा कोई कैदी भारत की जेल में बंद न रहे।
इससे पहले राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष डॉक्टर वेरका ने भारत सरकार की तरफ से दलबीर कौर को 25 लाख रुपये का चेक सौंपा।
पाकिस्तान में चीफ जस्टिस द्वारा हाई कोर्ट के जज को सरबजीत की मौत की जांच के लिए लगाने पर डॉक्टर वेरका ने स्वागत किया और उम्मीद जताई कि सरबजीत मर्डर केस में निष्पक्ष जांच होगी।
दलबीर ने कहा कि उन्हें पाकिस्तान पर बिलकुल विश्वास नहीं है, जब तक जांच में भारत का कोई प्रतिनिधि पाकिस्तान की जांच टीम में नहीं शामिल होता।
दलबीर ने बताया की राहुल गांधी ने विश्वास दिलाया है कि उनकी पार्टी हमेशा उनके परिवार के साथ खड़ी रहेगी।
दलबीर कौर ने मांग की कि सरबजीत के कपडे़, डायरी, घड़ी, चश्मा, वाटर कूलर, किताबें और अन्य सामान पाकिस्तान से भारत लाया जाए।
सरबजीत का बैंक बैलेंस भी चेक कराया जाए, क्योंकि दो महीने पहले ही उसने सरबजीत को बीस हजार रुपये भेजे थे।