श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 400वें वर्ष प्रकाश पर्व पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से गुरुद्वारा गुरु के महल अमृतसर और गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल श्री हरमंदिर साहिब में प्रकाश पर्व मनाया गया। शताब्दी समारोह के दौरान पंथ की प्रमुख शख्सियतों ने शिरकत की। गुरुद्वारा गुरु के महल में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद श्री दरबार साहिब से संबंधित गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में सजाए गए शताब्दी समागम पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने गुरु पर्व की बधाई देते हुए मानवता की भलाई के लिए संगत को प्रेरित किया। जत्थेदार ने कहा कि मौजूदा कोरोना महामारी के दौरान गुरु साहिब के 400वें वर्ष प्रकाश पर्व पर पूरी सिख कौम एक आधुनिक अस्पताल स्थापित करे, जहां मुफ्त इलाज हो। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए कोई संस्था नहीं, बल्कि देश दुनिया में बसी सिख कौम आगे आए। उन्होंने सिख कौम को वातावरण की शुद्धता के लिए भी प्रयास करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में हो रही मौतों में अधिकतर में ऑक्सीजन की कमी मुख्य कारण रहा है। इस संबंध में गुरु साहिब की सोच को आगे बढ़ाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपील की कि हर प्राणी एक एक वृक्ष जरूर लगाए। विशेषकर पीपल के वृक्ष लगाए जाएं, जिसमें ऑक्सीजन की प्रचुर मात्रा पाई जाती है। जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने मोदी सरकार को किसानों के हक में फैसला देने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसा करके प्रधानमंत्री 400वें प्रकाश पर्व पर किसानों को भेंट दें, ताकि किसान अपने घरों को लौट सकें। इस मौके पर एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर, सांसद गुरजीत सिंह औजला, पंजाब कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश सोनी व अन्य हस्तियां माथा टेकने पहुंचीं।