-फिल्म में पाकिस्तान के बाजार का दृश्य फिल्माने के लिए उर्दू भाषा में बोर्ड लगाने का विरोध
-
पटियाला। पंजाबी अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ की फिल्म की शूटिंग के दौरान मंगलवार को पटियाला के किला चौक इलाके में दुकानदारों और फिल्म क्रू के बीच जमकर बहस हुई। फिल्म में पाकिस्तान के बाजार का दृश्य फिल्माने के लिए दुकानों के बाहर उर्दू भाषा में बोर्ड लगाए गए थे, जिस पर दुकानदारों ने एतराज जताया कि उनकी सहमति के बिना बोर्ड लगाए गए हैं।
सुबह फिल्म की शूटिंग शुरू होने पर पुलिस ने रास्तों को बैरिकेड कर बंद कर दिया। करीब 9 बजे दुकानदार अपनी दुकानें खोलने के लिए आगे बढ़े तो उन्हें रोका गया। बार-बार अपील करने के बावजूद पुलिस ने अनुमति नहीं दी, जिससे दुकानदार नाराज हो गए। पुलिस के साथ बहस के बाद दुकानदारों को आगे जाने दिया गया, लेकिन दुकानें उर्दू बोर्ड के साथ देख उन्हें भारी आपत्ति हुई। दुकानदारों ने नारेबाजी करते हुए बोर्ड हटाने की मांग की और फिल्म क्रू के साथ तीखी बहस हुई।
किला मुबारक में भी फिल्माए सीन
बढ़ते तनाव को देखते हुए फिल्म क्रू ने जल्दबाजी में शॉट लिए और शूटिंग को समाप्त कर दिया। दुकानदारों ने कहा कि उनकी सहमति के बिना बोर्ड लगाना और शूटिंग से उन्हें नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि भविष्य में किसी भी शूटिंग के लिए दुकानदारों की अनुमति लेना अनिवार्य हो। गौरतलब है कि दिलजीत दोसांझ की फिल्म के कई सीन पटियाला किला मुबारक में भी फिल्माए गए हैं।