शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने कहा है कि गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब से लापता हुए 267 पावन स्वरूपों की जांच के लिए श्री अकाल तख्त द्वारा नियुक्त पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की सेवानिवृत्त जज नविता सिंह को पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।
एसजीपीसी इस मामले की जांच निष्पक्ष ढंग से करवाने के लिए वचनबद्ध है। जांच में शामिल सदस्यों को जरूरी स्टाफ भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इस संदर्भ में सभी अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। लौंगोवाल ने कहा कि लापता पावन स्वरूपों का मामला अति संवेदनशील और सिखों की धार्मिक भावनाओं के साथ जुड़ा हुआ है। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। राजनीतिक पार्टियां इस मामले पर बयानबाजी से गुरेज करें। रिपोर्ट आने के बाद ही इस पर अपनी टिप्पणी करें। जांच में जो भी आरोपी पाया गया, एसजीपीसी उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।