अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सहित चार पदाधिकारियों और कार्यकारिणी के 11 सदस्यों के वार्षिक चुनाव के लिए 27 नवंबर को एसजीपीसी की साधारण सभा का अधिवेशन बुलाया गया है। एसजीपीसी मुख्यालय तेजा सिंह समुंद्री हॉल में दोपहर एक बजे होने वाले इस अधिवेशन में एसजीपीसी के 170 निर्वाचित और 15 मनोनीत सदस्य अध्यक्ष सहित कार्यकारिणी का चयन करेंगे। यह जानकारी एसजीपीसी अध्यक्ष गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने कार्यकारिणी की बैठक के बाद दी।
एसजीपीसी कार्यकारिणी ने लापता पावन स्वरूपों के साथ जुड़े सभी मामलों की समीक्षा करने के लिए एक कमेटी का गठन करने की भी घोषणा की है। लौंगोवाल ने दावा किया कि लापता पावन स्वरूपों के मामले में आरोपी एसजीपीसी अधिकारियों और कर्मचारियों पर जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद मामले पर पुनर्विचार करने के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा। इस कमेटी में अलग-अलग सिख संगठनों के प्रतिनिधियों, सिख विद्वानों और सिख शख्सियतों को शामिल किया जाएगा।
कार्यकारिणी की बैठक में एसजीपीसी की स्थापना के शताब्दी कार्यक्रम को विशाल स्तर पर आयोजित करने को मंजूरी दी गई। 15 नवंबर को श्री अकाल तख्त साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ होगा। 17 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद गुरुद्वारा मंजी साहिब दीवान हाल में एक विशाल समागम का आयोजन किया जाएगा। 13 से 17 नवंबर तक एक विशेष चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी। स्थापना दिवस के कार्यक्रम पूरा साल चलते रहेंगे।