मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) अपने रुख पर कायम है। शनिवार को तेजा सिंह समुंदरी हॉल में अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई पंथक एकत्रता में श्री अकाल तख्त साहिब के फैसले का समर्थन करते हुए 5 जुलाई को गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हाल में पंथक सम्मेलन बुलाने का फैसला लिया गया। सम्मेलन में विभिन्न सिख जत्थेबंदियों, धार्मिक संस्थाओं और संगत को आमंत्रित किया जाएगा।
पंजाब के डीजीपी से मिलेगा शिष्टमंडल
बैठक में कहा गया कि गुरु साहिबानों और ज्ञानी जरनैल सिंह भिंडरांवाले की तस्वीर से जुड़े विवाद के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान नैतिक रूप से पद पर बने रहने का अधिकार खो चुके हैं। एसजीपीसी ने आरोप लगाया कि मामले में तथ्यों को छिपाने और झूठे साक्ष्य पेश करने का प्रयास किया गया। इस मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए एसजीपीसी का शिष्टमंडल पंजाब के डीजीपी से मिलकर मामला दर्ज करने की मांग करेगा।
बैठक में संगत से अपील की गई कि मुख्यमंत्री को सामाजिक स्तर पर समर्थन न दिया जाए। साथ ही पंजाबभर में सरकार की नीतियों के विरोध और श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। प्रचारक जत्थे गांव-गांव और शहर-शहर जाकर संगत को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देंगे।