संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के नेतृत्व में कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल अमेरिका पहुंचा। सैन फ्रांसिस्को एयरपोर्ट पर लोकल सिख नेताओं और संगतों ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
धामी के साथ एसजीपीसी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट रघुजीत सिंह विर्क, चीफ सेक्रेटरी कुलवंत सिंह मन्नण, सदस्य राजिंदर सिंह मेहता, ओएसडी सतबीर सिंह और सेक्रेटरी बलविंदर सिंह काहलवां भी अमेरिका पहुंचे।
धामी ने कहा कि विदेशों में रहने वाला सिख समुदाय हमेशा से पंथक सरोकारों के लिए समर्पित रहा है। एसजीपीसी विदेशों में रहने वाले सिख समुदाय के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और इसी मकसद से वे अमेरिका पहुंचे हैं। धामी ने कहा कि यहां सिख नेताओं और संगत से बातचीत करके धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी और सिख मिशन की स्थापना का काम पूरा किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने वालों में करमदीप सिंह बैंस, हरगुरजीत सिंह बल, दलबीर सिंह गिल, परमजीत सिंह गिल, गुरमीत सिंह गिल, गुरनाम सिंह पम्मा, कुलवंत सिंह खैरा, बलजीत सिंह मान, जीवन सिंह, गुरसेवक सिंह भंगू और सुखवंत सिंह खैरा भी शामिल रहे।