संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत पंजाब रोडवेज कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन ने वीरवार को न्यू अमृतसर के पास बने गोल्डन गेट पर हाईवे जाम करने की कोशिश की तो मौके पर पुलिस के साथ खींचतान शुरू हो गई। पंजाब पुलिस लगातार रोडवेज मुलाजिमों को जबरदस्ती वहां से उठाकर सरकारी बसों में लेकर वहां से जाने की कोशिश करती रही पर यूनियन के सदस्य बसों से उतरकर टायरों के नीचे लेट गए। इस दौरान मुलाजिमों ने हाईवे पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यूनियन के प्रधान जोध सिंह ने बताया कि सरकार लंबे समय से बसों में किलोमीटर स्कीम की बसों को लाने की कोशिश कर रही है पर हर बार यूनियन इसी बात का विरोध करती है।
उन्होंने कहा कि सरकार से पिछली बार भी इस बात पर सहमति बनवाई गई थी कि वह इस टेंडर को स्थगित कर दे या रद्द करे। प्रधान ने बताया कि इसी को लेकर अब पंजाब भर में मुख्य हाइवे को जाम करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती रोडवेज मुलाजिम अपना धरना लगातार जारी रखेंगे। इसके बाद दोपहर रोडवेज मुलाजिमों ने पंजाब रोडवेज के जीएम के अलावा प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक की पर वह बैठक बेनतीजा रही।