अमृतसर में सेवानिवृत्त एयर कमोडोर इंद्रबीर सिंह सिदाना को घर में बंदी बनाकर दिनदहाड़े दो लुटेरे 20 लाख रुपये नकद और करीब 12 लाख रुपये के गहने लूट ले गए। पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर खंगालना शुरू कर दिया है।
यासीन रोड निवासी सेवानिवृत्त एयर कमोडोर सिदाना ने बताया कि उनकी पत्नी गुरु रामदास डेंटल कॉलेज में वाइस प्रिंसिपल हैं। घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही हैं। बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे वह घर में अकेले थे तो मकान के पिछले हिस्से से दो नकाबपोश अंदर घुसे। उन्होंने मारपीट कर कमरे में कुर्सी से बांध दिया और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इस दौरान एक लुटेरे के चेहरे से कपड़ा हट गया तो उन्होंने सिदाना की आंखों पर पट्टी बांध दी।
सिदाना ने पुलिस को बताया कि बेटी की शादी के लिए नकदी और गहने रखे हुए थे। जिसे लुटेरे ले गए हैं। पुलिस का कहना है कि सेवानिवृत्त अधिकारी के घर में या करीब 200 मीटर के इलाके में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। फिर भी पूरे इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।