अमृतसर। लाल किला में हिंसा के बाद देश द्रोह के एक मामले में गिरफ्तार किये गए रंजीत सिंह बाद दोपहर जमानत के बाद बाद सचखंड श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे। उनके साथ दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा, कमेटी सदस्य हरजीत सिंह कालका सहित सीमावर्ती कस्बा अजनाला के कई सिख संगठनों के प्रतिनिधि भी थे। रंजीत सिंह ने सचखंड में पवित्र परिक्रमा की और मुख्य भवन में सुशोभित श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के आगे नतमस्तक होकर शुकराने की अरदास की। बता दें कि 26 जनवरी को दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के दौरान रंजीत सिंह को लाल किला हिंसा मामले में गिरफ्तार किया गया था।
मीडिया से बातचीत में रंजीत सिंह ने कहा कि दिल्ली कमेटी ने सिख नौजवानों की बाजू पकड़ी है। दिल्ली कमेटी ने सदा सिख नौजवानों की सुरक्षा के लिए कदम उठाएं हैं। किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार नौजवानों में से 100 को कमेटी जमानत दिला चुकी है। इससे पहले रंजीत सिंह का श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्बा अजनाला के लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने हवाई अड्डे पर रंजीत सिंह के पक्ष में नारे भी लगाए।