डीजीपी गौरव यादव पहुंचे स्वर्ण मंदिर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने गुरुवार सुबह अमृतसर के श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका। उन्होंने गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया और प्रसाद लेकर सूचना केंद्र पहुंचे। जहां एसजीपीसी अधिकारियों ने उनको सम्मानित किया। यादव ने कहा कि उनके लिए अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में माथा टेकने का एकमात्र कारण पंजाब में शांति और सभी के कल्याण के लिए प्रार्थना करना था।
यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस दुनिया में सर्वश्रेष्ठ में से एक है। पंजाब पुलिस पंजाबियों के लिए कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखती है और कानून-व्यवस्था को मजबूत करती है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब राज्य को नशा तस्करों, अपराधियों और गैंगस्टरों से मुक्त करना है। यह बहुत ही कम समय में संभव होगा।
डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस लोगों के प्रति मैत्रीपूर्ण रवैया रखेगी और हमेशा की तरह पंजाब के लोगों की सेवा में रहेगी । पुलिस पेशेवर तरीके से काम करेगी। उल्लेखनीय है कि गौरव यादव ने डीजीपी बनने के बाद पिछले कुछ दिनों में अचानक मोहाली और पटियाला का दौरा किया था और पूरे पंजाब का दौरा करने की बात भी कही थी। यादव खुद पंजाब के अलग अलग शहरों का दौरा कर रहे हैं। डीजीपी बनने के बाद यादव पहली बार श्री हरमंदिर साहिब माथा टेकने आए हैं।
संत सीचेवाल ने भी श्री हरमंदिर साहिब में टेका माथा
पर्यावरणविद व राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने गुरुवार को श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद वह पहली बार वाहेगुरु का शुक्रिया अदा करने पहुंचे थे। संत सीचेवाल ने जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब ज्ञानी हरप्रीत सिंह से मुलाकात नहीं की बल्कि गुरु का आशीर्वाद लिया।
संत सीचेवाल ने कहा कि प्रदेश में नदियां काफी प्रदूषित हैं, इसलिए पंजाब में बड़े पैमाने पर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जा रहे हैं ताकि पंजाब के पानी को दूषित होने से बचाया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भूमिगत जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है, जिसे रोकने के लिए उच्च स्तर पर कदम उठाने चाहिए। इस मामले में मुख्यमंत्री से चर्चा भी हो चुकी है। संत सीचेवाल ने कहा कि जहां पेड़ लगाने की जरूरत है वहां हम वह भी कर रहे हैं। इस समय पूरी दुनिया में वायु प्रदूषण बढ़ता जा रहा है, जो चिंता का विषय है। इसलिए दुनिया भर के लोगों को पेड़ लगाने की जरूरत है।