बठिंडा-संगत मंडी के पास पड़ते गांव में 17 जुलाई को दो युवक हथियार के दम पर एक नाबालिग युवती से दुराचार कर मौके से फरार हो गए।
युवती के परिजनों ने थाना संगत को भी शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने दो दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं की। जब लोक जन शक्ति पार्टी (लोजपा) की ओर से पुलिस को कार्रवाई न करने पर संघर्ष की चेतावनी दी तो दबाव में आकर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार 17 जुलाई को जिले के कूटी गांव की रहने वाली एक नाबालिग युवती अपने छोटे भाई के साथ घर में अकेली थी। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि उस रात उसका पिता व मां अपने किसी रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। रात्रि 10.30 बजे के करीब दो युवक उनके घर में दाखिल हो गए।
एक युवक के हाथ में हथियार था। जिसने अपने साथी से मिलकर उसके साथ दुराचार किया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित युवती के परिजन दो दिन तक उसे दवा आदि देते रहे और उन्होंने इस संबंध थाना संगत को भी शिकायत दी लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं यह मामला जब लोक जन शक्ति के प्रधान जगदीप सिंह गहरी के ध्यान में आया तो उन्होंने तुरंत दुराचार पीड़िता को सरकारी महिला व चिल्ड्रन अस्पताल बठिंडा में दाखिल करवाया। युवती का इलाज करने वाली महिला डाक्टर व अस्पताल के एसएमओ इस मामले में कुछ भी कहने से मना कर दिया।
यहीं नहीं पहले थाना संगत के एसएचओ ने भी मामले से अनभिज्ञता जताई थी। लोजपा की ओर से युवती को अस्पताल में दाखिल करवाने के बाद पुलिस को चेतावनी दी थी कि अगर आरोपियों पर केस दर्ज न हुआ तो वह संघर्ष करेंगे। इसके बाद पुलिस ने तीन दिन बाद आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।