अमृतसर में बैंक के बाहर धरना देते किसान।
- फोटो : amarujala
स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में डिफाल्टर किसानों की तस्वीरों वाली सूची देख भड़की किसान संघर्ष कमेटी बैंक के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बैंक में घुसने का प्रयास किया। इस पर बैंक अधिकारियों ने गेट में ताला लगा दिया। इस पर प्रदर्शनकारी बैंक के गेट पर लगा बैनर फाड़कर चले गए।
किसान संघर्ष कमेटी के महासचिव सविंदर सिंह चुताला ने बताया गांव मुगलचक्क के किसान दलविंदर सिंह की लिमिट बनाने के बदले बैंक के अधिकारियों ने बीस हजार की रिश्वत मांगी थी। किसान दलविंदर सिंह ने इसकी जानकारी कमेटी को दी थी।
इस पर उनकी अगुवाई में कमेटी के पदाधिकारी बैंक में पहुंचे। वहां पर डिफाल्टर किसानों की फोटो वाली सूची लगी थी। यह देखकर कमेटी के नेता भड़क गए और फोन करके ट्रैक्टर-ट्रालियों से अन्य किसानोें को वहां बुला लिया। किसानों ने बैंक के अंदर प्रवेश करके फोटो वाली सूची फाड़ने की योजना बनाई।
इस पर बैंक अधिकारियों ने बाहरी द्वार बंद कर दिया। करीब एक घंटा किसान संघर्ष कमेटी के नेता बैंक के गेट समक्ष नारेबाजी करते रहे। अंत में बैंक के द्वार पर लगा बैनर फाड़कर शांत हो गए। इस मौके पर लखविंदर सिंह पलासौर, निरवैल सिंह डालेके, गुरमेज सिंह, अनूप सिंह, सरवण सिंह, मंगल सिंह, हीरा सिंह, सतनाम सिंह, प्रेम सिंह, धीरा सिंह, देसा सिंह मौजूद थे।