पठानकोट के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के परिजन व पुलिस पार्टी।
- फोटो : amarujala
गांव अदियाल में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों मौत हो गई। शाहपुरकंडी थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। मौत के कारण का पता लगाने के लिए तीन डॉक्टरों की कमेटी ने जांच शुरू कर दी है।
गांव अदियाल निवासी सतपाल ने बताया उसकी बहू सुदेश बाला (25) पत्नी सुरिंद्र पाल इस समय गर्भवती थी। इस महीने बाद प्रसव होना था। शनिवार की देर रात अचानक बहू सुदेश के पेट में दर्द उठा। कुछ देर में उसने उल्टी करनी शुरू कर दी। इस पर वह परिजनों के साथ बहू को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे।
यहां डॉक्टरों ने सुदेश बाला को मृत घोषित कर दिया। मामला संदिग्ध देखकर अस्पताल प्रशासन ने संबंधित थाने के मामले की जानकारी दी। इस पर शाहपुरकंडी थाना पुलिस ने शव कब्जे लेकर पोस्टमार्टम कराया। डाक्टरों की तीन सदस्यीय टीम मौत
का कारण जानने के लिए जांच कर ही है। शाहपुरकंडी थाना के एएसआई सोमराज ने बताया मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मृतका के परिजनों के बयान लेने के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।