फिरौती मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : वीडियो ग्रैब
अमृतसर देहाती पुलिस ने 30 लाख रुपये की फिरौती मांगने और पेट्रोल बम से हमला करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल, बाइक और घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।
देहाती एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों के खिलाफ 1 जुलाई 2026 को थाना कंबोज में गांव पंडोरी वड़ैच निवासी विक्रम सिंह से 30 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सामने आया कि बीते रविवार की आधी रात तीन बदमाश बाइक पर आए और विक्रम सिंह के घर के बाहर पेट्रोल बम फेंककर फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में पीड़ित का पड़ोसी बादलप्रीत, जो वर्तमान में विदेश में रह रहा है को भी मामले में नामजद किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गुरलाल सिंह और कृष्ण कुमार इलाके में मौजूद हैं। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गुरलाल सिंह के पांव में गोली लगी, जबकि कृष्ण कुमार को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
एसएसपी चहल ने बताया कि दोनों आरोपियों का रिमांड लेकर पूरे गिरोह और विदेश में बैठे कथित संचालकों की भूमिका की जांच की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को गलत संगत और आसान पैसे के लालच से दूर रखें, क्योंकि विदेश में बैठे अपराधी युवाओं का इस्तेमाल कर ऐसी वारदातों को अंजाम दिला रहे हैं।