ढाकी रोड स्थित एफसीआई गोदाम के बाहर के जंगल में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने जंगल के बड़े हिस्से को कब्जे में ले लिया। आग के कारण आसपास भगदड़ मच गई।
आग बढ़ती देख गोदामों में गेहूं के लिए आए ट्रकों को तुरंत वहां से हटवाया गया। दो दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास किया। आग नहीं बुझ पाने पर एयरफोर्स और सेना की भी दमकलें मंगाई गई हैं।
नॉर्थ इंडिया के एफसीआई गोदामों में प्रमुख यह गोदाम 35 एकड़ में फैला हुआ है। यहां स्थित नौ गोदामों में करीब 50 मीट्रिक टन गेहूं पड़ा हुआ है। शनिवार दोपहर को अचानक यहां स्थित जंगल में आग लग गई। धीरे-धीरे आग भीषण होने लगी। आग की भयावहता देख तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया गया। आग पर काबू नहीं कर पाने पर एयरफोर्स और सेना की गाड़ियां भी मंगाई गई।
पार्षद विजय चुन्नी, फ्लाइंग अधिकारी भजन राम चंद, संजीव डोगरा, राजीव डोगरा, दिनेश, अनिल, रत्न त्रिलोकिया ने रोष जताते हुए बताया कि क्षेत्र के जंगलों की सफाई की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे आग भड़की है।
यहां ट्रक ड्राइवरों की ओर से गंदगी फैलाई जाती है। कई बार वह आग जलाते हैं और इसे जलता छोड़ जाते हैं। इससे पहले भी कई बार आग भड़क चुकी है। उन्होंने कहा कि यहां लाइटों का कोई प्रबंध नहीं है। विभाग को जंगलों की सफाई की तरफ ध्यान देना चाहिए।