दोनों पक्षों की शिकायत पर शुरू हुई पुलिस कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कचहरी परिसर मनमर्जी से ठेकेदारों के करिंदों द्वारा पार्किंग फीस वसूलने को लेकर पार्किंग ठेकेदार के कारिंदों ने खुलेआम गुंडागर्दी दिखाते हुए पेशी भुगतने पहुंचे एक युवक का सिर फोड़ दिया। इस घटना की वीडियो भी वायरल हो गई। इसके चलते दोनों पक्षों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस तरह की घटनाएं हर रोज हो रही हैं। प्रशासन ने सड़क के फुटपाथ को ही पार्किंग के लिए ठेके पर दे दिया है, इस कारण हर रोज झगड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार खजाना गेट निवासी अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि पार्किंग ठेकेदार के कारिंदे ने कड़े और किरच से उस पर हमला कर बुरी तरह से जख्मी कर दिया है। विवाद एक्टिवा पार्किंग कर निर्धारित से अधिक राशि वसूलने को लेकर हुए जिस ठेकेदार के कारिंदे ने कहा कि हम 50 रुपये ही एक्टिवा पार्किंग के लेते हैं।
कचहरी परिसर चौकी के एएसआई काबल सिंह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। दोनों पक्षों ने पुलिस को अपनी शिकायत दी है।
घायल अमित कुमार निवासी गेट खजाना ने बताया कि उसकी कचहरी परिसर में पेशी थी। वह एक्टिवा पर कचहरी के भीतर बने अपने वकील के चैंबर की तरफ जा रहे थे। कचहरी के गेट नंबर एक पर तैनात पार्किंग ठेकेदार के कारिंदों ने उसे वहीं रोक लिया और एक्टिवा वहीं पार्क करने को कहा। पहले तो उन्होंने वकील के चैंबर तक एक्टिवा ले जाने की बात कही और बाद में उसके आग्रह पर एक्टिवा वहीं पार्क करने का मन बना लिया।
पार्क करते ही कारिंदों ने उनसे पचास रुपये की मांग की, जबकि पार्किंग पर्ची पर बीस रुपये लिखा हुआ था। इसका विरोध करने पर कारिंदे भड़क गए और उनके साथ सड़क पर ही हाथापाई करनी शुरू कर दी। अमित ने आरोप लगाया कि किरच और कलाई में पहने कड़े से वार कर उनका सिर फोड़ दिया गया। उधर, पार्किंग ठेकेदार पर काम करने वाले नीरज ने बताया कि एक्टिवा सवार को अंदर वाहन ले जाने पर रोका गया था। इसी कारण वह गुस्से में आ गया और उनके साथ झगड़ा करने लगा।