पनबस ड्राइवर ओंकार सिंह पर जंडियाला गुरु चौक में प्राइवेट बस चालकों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में ओंकार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पनबस कांट्रेक्ट वर्कर यूनियन के नेताओं ने एसएसपी ध्रुव दहिया को शिकायत देते हुए आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की है। साथी ही चेतावनी दी कि अगर इस मामले में लापरवाही बरती गई तो यूनियन की ओर से हड़ताल की जाएगी।
पनबस की बस चंडीगढ़ से अमृतसर आ रही थी। अमृतसर से बस पट्टी के लिए रवाना हुई। बस को ओंकार सिंह निवासी गांव ममणके चला रहा था। अमृतसर स्थित गोल्ड गेट के पास जब ओंकार ने यात्री लेने के लिए बस रोकी तो प्राइवेट बस के चालकों ने उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। ओंकार सिंह बस लेकर पट्टी के लिए रवाना हो गया। अभी वह तरनतारन शहर के जंडियाला गुरु चौक में ही पहुंचा था कि आरोपियों ने उसे घेरकर बस से नीचे उतार लिया। लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया। हमले में ओंकार सिंह गंभीर घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
पनबस कांट्रेक्ट वर्कर यूनियन के चेयरमैन सलविंदर सिंह, गुरजिंदर सिंह, दलीप सिंह, सतनाम सिंह, बलवंत सिंह गोपाला, गुरलाल सिंह, बलजिंदर सिंह, तेजिंदर सिंह, गुरदयाल सिंह, हरमिंदर सिंह ने घायल ओंकार सिंह को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां उसका इलाज अभी चल रहा है। उधर, चेयरमैन सलविंदर सिंह, बलवंत सिंह गोपाला, गुरविंदर सिंह ने एसएसपी को शिकायत देते हुए कहा कि पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज नहीं किया तो प्रदेश भर में हड़ताल की जाएगी। वहीं, डीएसपी सुच्चा सिंह बल्ल ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट मिलते ही आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया जाएगा। इस मामले में पुलिस कोई पक्षपात नहीं कर रही है।