बटाला में प्रदेश सरकार का पुतला फूंकते पनबस मुलाजिम।
- फोटो : GURDASPUR
पनबस मुलाजिमों के वेतन में कटौती करने और पक्के न करने का रोष जताने के लिए मंगलवार को बटाला के रोडवेज डिपो के बाहर प्रदेश सरकार का पुतला जलाया गया। प्रदर्शनकारी मुलाजिमों ने मांगों की अनदेखी के खिलाफ रोष जताते हुए नारेबाजी कर भड़ास निकाली।
संगठन के प्रदेश सचिव बलजीत गिल और बटाला प्रधान प्रदीप कुमार ने प्रदर्शन की अगुवाई की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी मांगें न मानी गई तो वह 15 अगस्त को काले कपड़े पहनकर जालंधर में राज्य स्तरीय प्रदर्शन करेंगे। बलजीत सिंह गिल ने बताया कि अफसरशाही ने पनबस मुलाजिमों के वेतन में 25 प्रतिशत कट मार लिया है और कच्चे मुलाजिमों को पक्के न कर उनका पुनर्गठन करने के तहत पंजाब रोडवेज की पोस्ट खत्म की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को डायरेक्टर स्टेट ट्रांसपोर्ट के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हुई मीटिंग में उनके पक्ष में कोई फैसला नहीं हुआ।
सरकार से मांग करते हुए कहा कि वेतन कटौती बंद करके पूरी तनख्वाह दी जाए, नहीं तो 15 अगस्त को जालंधर में काले कपड़े पहनकर राज्य स्तरीय रोष प्रदर्शन करके संघर्ष को तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। इस मौके पर डिपो प्रधान प्रदीप कुमार, चेयरमैन रजिंदर गोराया, उप प्रधान परमिंदर, कैशियर जगरूप सिंह, दफ्तरी सचिव भूपिंदर सिंह, सेक्रेटरी जगदीप दालम, कंवलजीत सिंह मौजूद थे।