तरनतारन। सीमा सुरक्षा बल 103 की बटालियन ने भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया है। जानकारी के अनुसार सीमा सुरक्षा बल 103 की बटालियन ने गांव गिलपन की बुर्जी नंबर 129 के पास देर रात एक पाकिस्तानी व्यक्ति (उम्र लगभग 45) को भारतीय सीमा में दाखिल होने से रोका। भारतीय सीमा में दाखिल होते समय व्यक्ति को चेतावनी दी गई, लेकिन जब वह नहीं माना तो सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने गोलियों उसे मार गिराया। इसके बाद इलाके का चप्पा-चप्पा खंगाला गया, लेकिन कुछ नहीं मिला। जवानों ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान घुसपैठिए से 40 रुपये की पाकिस्तानी करेंसी बरामद हुई है। जवानों ने मामले की सूचना आला अधिकारियों को दे दी है। सुरक्षा बल के अधिकारियों ने पाकिस्तानी रेंजर्स से संपर्क कर घुसपैठिये का शव ले जाने के लिए कहा गया तो उन्होंने शव लेने से इनकार कर दिया।