पाकिस्तानी सिख श्रद्धालुओं ने हरिमंदिर साहिब में टेका माथा
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर 7500 से अधिक ने किया आवेदन, केवल 1800 को मिली पाकिस्तान जाने की अनुमति मिली थी
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पाकिस्तान से भारत आए सिख श्रद्धालुओं ने धार्मिक यात्राओं के लिए वीजा प्रक्रिया सरल करने की मांग की है। उन्होंने दोनों देशों की सरकारों से श्रद्धालुओं का कोटा बढ़ाने की भी अपील की। मंगलवार को जत्थे ने श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेका।
ये श्रद्धालु श्री गुरु रामदास का प्रकाश पर्व मनाने भारत आए हैं। जत्थे के नेता भूपिंदर सिंह ने बताया कि अमृतसर में प्रकाश पर्व मनाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। श्रद्धालुओं ने श्री हरिमंदिर साहिब के अलावा दिल्ली स्थित गुरुद्वारा शीश गंज साहिब के भी दर्शन किए। उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब समेत अन्य पवित्र गुरुधामों के भी दर्शन किए। सिख संगत अपने ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन करना चाहती है। इसके लिए वीजा प्रक्रिया आसान करने और कोटा बढ़ाने की आवश्यकता है।
वीजा प्रक्रिया और सम्मान
पिछले साल श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के लिए पाकिस्तान जाने के लिए 7500 से अधिक आवेदन आए थे। इनमें से केवल 1800 श्रद्धालुओं को ही अनुमति मिली थी। श्रद्धालुओं ने इस प्रक्रिया को सरल बनाने की बात कही। एसजीपीसी ने पाकिस्तानी श्रद्धालुओं का स्वागत किया और उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी, श्री हरिमंदिर साहिब के प्रबंधक सतनाम सिंह मंगिया सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
- फोटो-7