-पुरानी दर्शक दीर्घा को तोड़ने का काम शुरू, नौ माह में बन कर तैयार होगी नई गैलरी
-पाकिस्तान सरकार की इसे पिकनिक स्पाॅट के रूप में विकसित करने की योजना
-
पंकज शर्मा
अमृतसर। भारत पाकिस्तान की सीमा पर अटारी-वाघा में होने वाली रिट्रीट सेरेमनी को देखने के लिए दुनिया भर से हजारों की संख्या में सैलानी पहुंचते हैं। भारत की तरफ अटारी सीमा पर आधुनिक सुविधाओं वाली दर्शक दीर्घा बनने के बाद अब पाकिस्तान भी अटारी के दूसरी तरफ वाघा में आधुनिक सुविधाओं युक्त दर्शक दीर्घा तैयार करने में जुट गया है। दर्शक दीर्घा की क्षमता बढ़ाई जा रही है। इस गैलरी को भी भारत की तरफ बनी गैलरी की तरह ही सुंदर व सुविधाओं से युक्त बनाने का फैसला लिया गया है। पाकिस्तान इस पर 300 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। वाघा में स्थिति पुरानी गैलरी को तोड़ने का काम शुरू हो गया है। दिन-रात वर्कर काम कर रहे हैं। निर्माण स्थल को हरे नेट से ढका गया है। हालांकि तोड़फोड का काम भारतीय सीमा की तरफ साफ देखा जा सकता है। भारत की तरफ बने पाकिस्तान के स्वागती गेट पर लगी मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीरों को भी उतार कर स्वागती गेट को तोड़ा जा रहा है। इसके चलते पाक की तरफ से रिट्रीट सेरेमनी देखने के लिए आने वाले दर्शकों की लिए पाक रेंजर्स ने अलग से बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था अस्थायी रूप में की है।
सुरक्षा-व्यवस्था के भी व्यापक बदलाव
बताया जा रहा है कि इसके लिए तीन विदेशी कंपनियों को निर्माण का टेंडर दिया गया है। गैलरी के निर्माण में सुरक्षा-व्यवस्था के भी व्यापक बदलाव किया जा रहा है। इस गैलरी को तैयार करने में नौ माह से अधिक का समय लगने की संभावना है। इसके साथ पीछे वाले एरिया में सुंदर पार्क, बड़ी व खुली सड़कों, बच्चों के लिए खुले पार्क, झूले आदि भी लगाए जाएंगे। यह काम पाकिस्तान नेशनल हाईवे अथॉरिटी की ओर से करवाया जा रहा है। वहां बुजुर्गों और युवाओं के लिए सैरगाह, पार्क, रेस्टोरेंट, होटल आदि की भी व्यवस्था की जा रही है। इसको एक पिकनिक स्पाॅट के रूप में विकसित करने की योजना है, जिस पर काम शुरू कर दिया गया है।