पाकिस्तान की इंटरनेशनल हॉकी टीम के खिलाड़ी मंगलवार दोपहर वाघा-अटारी सीमा के रास्ते भारत पहुंचे। पाक हॉकी टीम के 18 खिलाड़ी और 10 अधिकारी 15 दिन के वीजा पर भारत पहुंचे। इमिग्रेशन और कस्टम जांच करने के बाद इन्हें एसपी जुगराज सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा के बीच श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान की इंटरनेशनल हॉकी टीम तीन अगस्त से बेंगलूरू-चेन्नई में शुरू होने वाली हीरो चैंपियनशिप ट्रॉफी में हिस्सा लेने भारत आई है।
पाकिस्तान हॉकी टीम 12 अगस्त तक अपने मैच खेलने के बाद 14 अगस्त 2023 को अटारी सीमा के रास्ते लौट जाएगी। ज्वाइंट चेक पोस्ट (जेसीपी) अटारी पर मुस्तैद प्रोटोकॉल अधिकारी अरुण माहल ने कहा कि पाकिस्तान हॉकी टीम के खिलाड़ियों और अधिकारियों का भारत में प्रवेश करने के बाद इमिग्रेशन और कस्टम चेक किया गया। इसके बाद इन खिलाड़ियों को अमृतसर एयरपोर्ट रवाना किया गया।