संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। श्री दरबार साहिब परिसर में शनिवार को अरदास के बाद रंग-रोगन की सेवा शुरू हुई। इसके साथ ही, नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के प्रकाश स्थान गुरुद्वारा गुरु के महल में भी मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य आरंभ किया गया है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए यह सेवा शुरू की है।
श्री हरिमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी अमरजीत सिंह, एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी और तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी टेक सिंह ने सेवा का आरंभ कराया। धामी ने कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब पूरी मानवता का साझा आध्यात्मिक केंद्र है। यहां देश-विदेश से रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। परिसर में रंग-रोगन की सेवा एसजीपीसी द्वारा सेवादार इकबाल सिंह मुंबई वालों के सहयोग से करवाई जा रही है। सेवादार परिवार को सिरोपे देकर सम्मानित भी किया गया। गुरुद्वारा गुरु के महल में मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य बाबा सतनाम सिंह कारसेवा किला आनंदगढ़ साहिब वालों को सौंपा गया है। जरूरत के अनुसार पहले मरम्मत और उसके बाद रंग-रोगन का कार्य पूरा किया जाएगा।
संरक्षण और महत्व
एसजीपीसी धार्मिक स्थलों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इन सेवाओं का उद्देश्य इन पवित्र स्थलों की सुंदरता और संरचना को बनाए रखना है। यह कार्य श्रद्धालुओं के लिए इन स्थानों के महत्व को दर्शाता है। इन प्रयासों से आने वाली पीढ़ियों के लिए भी इन धरोहरों को सुरक्षित रखा जा सकेगा। परिसर में एसजीपीसी के अधिकारी, सदस्य और प्रबंधक भी मौजूद रहे।