निहंगों के वेश में कुछ लोगों ने शनिवार देर रात हाल बाजार स्थित दो पान की दुकानों में लूटपाट की। लुटेरे वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होने से पहले दुकानों से पैसे, कोल्ड ड्रिंक की बोतलें, सिगरेट के डिब्बे व अन्य सामान भी ले गए। पुलिस घटनास्थल के आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर लुटेरों का पता लगाने के प्रयास कर रही है।
हाल गेट स्थित पान की दुकान करने वाले विजय कुमार ने बताया कि वह एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर गोल हट्टी चौक में पान की दुकान करते हैं। उसने बताया कि रोजाना की तरह शनिवार रात करीब 12 बजे दुकान बंद करने लगे, तो वहां निहंगों के वेष में 15-20 लोग पहुंचे। यह लोग उनकी दुकान के बाहर पहुंचते ही ललकारे मारने लगे और किरपान निकाल कर दुकान में तोड़-फोड़ शुरू कर दी।
आरोपी उसकी दुकान में घुस गए और अंदर रखे पैसे, कोल्ड ड्रिंक की बोतलें, सिगरेट के डिब्बे, बीड़ी के बंडल और अन्य सामान लूट कर फरार हो गए। एसआई शमशेर सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आस-पास के लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि उनकी पहचान करने के बाद उन्हें काबू किया जा सके।