कस्टम विभाग की ओर से अमृतसर के श्री गुरु रामदास एयरपोर्ट से दुबई से आए यात्री से पकड़ा गया 1 किलो स?
- फोटो : AMRITSAR
अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट में तैनात सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने दुबई-अमृतसर के बीच चलने वाली इंडियन एयरलाइन्स की उड़ान (6ई-048) की एक सीट के नीचे छिपाया एक किलो सोना बरामद किया है। सोने की कीमत 51 लाख रुपये बताई जा रही है।
कस्टम कमिश्नर एएस रंगा ने बताया कि एक सितंबर की रात लगभग दो बजे जब यह उड़ान दुबई से श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुई, तो हवाई अड्डे में तैनात कस्टम विभाग के अधिकारियों ने जहाज की तलाशी ली। तलाशी के दौरान जहाज की एक सीट के नीचे छिपाकर रखा गया सोने का बिस्कुट बरामद किया गया। इस बिस्कुट को काले रंग की टेप लगाकर छिपाया गया था। जिस सीट के नीचे सोने का बिस्कुट छिपाया हुआ था, वह सीट खाली थी। विभाग के अधिकारी इस सीट के आसपास बैठे यात्रियों के बारे में जांच कर रहे हैं।
बता दें कि कस्टम अधिकारियों ने इस वर्ष जुलाई में दुबई की दो अलग-अलग उड़ानों से श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे छह यात्रियों से 10 किलो 220 ग्राम सोना बरामद किया है। तस्करी कर लाए गए सोने की कीमत पांच करोड़ रुपये थी। बरामद सोना 24 कैरेट का था। इस वर्ष मार्च में हवाई अड्डे से सोने की तस्करी के तीन मामलों का पर्दाफाश कर एक किलो 856 ग्राम सोना बरामद किया गया था। बरामद सोने की कीमत 84 लाख रुपये थी। इस वर्ष दुबई से सोने की तस्करी में शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 580 ग्राम सोना बरामद किया गया था जिसकी कीमत 24 लाख रुपये से ज्यादा थी।