पुलिस थाना छेहरटा के तहत गुरु की वडाली में रात के वक्त एक गुट ने दूसरे गुट पर कई राउंड गोली चला दी। इसके बाद दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई। इस झड़प में पांच लोगों को गंभीर चोटें आईं हैं। सभी को छेहरटा स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। घायल गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की दाईं आंख में गंभीर चोट लगी है।
आंख के नीचे व माथे पर ईंट लगने से उसका चेहरा लहूलुहान हो गया। अस्पताल में दाखिल गुरप्रीत की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं साजन, हरप्रीत सिंह, जुगराज उर्फ चौड़ा, अंग्रेज सिंह को भी काफी चोट आई है। एसीपी वेस्ट देव दत्त शर्मा वारदात के बाद पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने दोनों गुटों के नौजवानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। अस्पताल में इलाज करवा रहे घायलों के बयान दर्ज किये जा रहे हैं।
बॉबी व सनी ने पहले इन पर गोलियां चलाईं, जब वह जान बचाने के लिए भागे तो ईंटों व पत्थरों से हमला कर दिया। साजन, गुरप्रीत व उसके कुछ साथियों ने जवाब में उन पर ईंटों से हमला किया। लगभग एक घंटे तक इलाके में जमकर गुंडागर्दी हुई। सड़क ईंटों व पत्थरों से भर गई। लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस चौकी गुरु की वडाली में दी। लेकिन पुलिस वारदात के दो घंटे बाद वहां पहुंची। तब तक दोनों गुट के लोग फरार हो चुके थे। जबकि घायलों को लोगों ने अस्पताल में दाखिल करा दिया था।