चुनाव नजदीक आते ही फिर से आने लगी जाली करंसी, सुरक्षा एजेंसियों में बढ़ी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में बीएसएफ और पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 किलो 54 ग्राम नशीला पदार्थ और करीब 1.98 लाख रुपये की जाली भारतीय करंसी बरामद की।
इस दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। बीएसएफ की 181 बटालियन ने बीओपी काहनगढ़ इलाके से 577 ग्राम आईसीई बरामद की। कंपनी कमांडर राकेश नेगी की शिकायत पर घड़िंडा पुलिस ने अज्ञात तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसी क्षेत्र में बीएसएफ ने बीओपी दाउके के पास से 1.98 लाख रुपये की जाली भारतीय करंसी भी बरामद की। कंपनी कमांडर रमेश चंद्र शाह की शिकायत पर घड़िंडा पुलिस ने जांच शुरू की है। पुलिस जाली करंसी के सीमा पार नेटवर्क का पता लगा रही है। भिंडीसैदा थाना क्षेत्र में बीएसएफ की 45 बटालियन ने गांव बुर्ज के बाहर से 766 ग्राम अफीम बरामद की। कंपनी कमांडर विकास शर्मा की शिकायत पर अज्ञात तस्कर के खिलाफ केस दर्ज हुआ।
आरोपी गिरफ्तार और चिंताएं
लोपोके पुलिस ने लिंक रोड हेतमपुरा के पास गुरमेज सिंह निवासी लोदी गुज्जर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 205 ग्राम हेरोइन और 1,200 रुपये ड्रग मनी मिली। पिछले एक महीने में दूसरी बार जाली करंसी मिलने से खुफिया एजेंसियां चिंतित हैं। लंबे समय से बंद जाली करंसी का कारोबार अब पंजाब सहित अन्य राज्यों में चुनावों के कारण फिर सक्रिय हो सकता है।